वहीं 750 व 670 करोड़ की दो सड़कों के निर्माण को दी ऑन स्पॉट मंजूरी
कहा जितना मांगना है मांगो, मेरे पास पैसे की नहीं है कोई कमी
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज़, गढ़वा
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जिला मुख्यालय गढ़वा के निकट हूर गांव में चिर प्रतीक्षित बायपास सड़क का लोकार्पण किया। इस तरह उन्होंने शंखा से खजूरी तक 22.730 किलोमीटर लंबी 1129.48 करोड़ लागत के राष्ट्रीय राजमार्ग का उद्घाटन किया। जबकि रायपुर धनबाद कॉरिडोर का हिस्सा रूपशेरा, रायडीह,सिलम एवं गुमला फोरलेन सड़क का शिलान्यास किया। 32. 370 किलोमीटर लंबी व 1325.80 करोड़ की लागत की फोरलेन सड़क का शिलान्यास किया। जबकि मौके पर ही पलामू सांसद विष्णु दयाल राम एवं गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी की मांग पर 1420 करोड़ रुपए की दो सड़कों की स्टेज पर से ही ऑन स्पॉट मंजूरी दे दी। इस घोषणा का हजारों की संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने जोरदार तालियाँ से स्वागत किया। दो महत्वपूर्ण सड़कों के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह के मौके पर हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ में पड़ी इस महती सभा के लिए बना हुआ विशाल पंडाल लोगों से खचाखच भरा था। इस मौके पर भारत सरकार के अभूतपूर्व मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि आप हमें काम बताइए। मेरे पास पैसे की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ेगा तो उद्योग व्यवसाय बढ़ेगा। लोगों को काम मिलेगा। यह बिरसा मुंडा की यानि वीरों की भूमि है। यहां खनिज संपदा का काम हो रहा है। लेकिन इसे और बड़े पैमाने पर होने की जरूरत है। उन्होंने झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर को कोट करते हुए कहा कि यहां पानी की कमी है। इसकी चर्चा मैंने कर दी है। मैं आपको बताऊं की महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में पानी की कमी से 10000 किसानों ने आत्महत्या की है। उससे बुरी स्थिति यहां नहीं है। उन्होंने सांसद, विधायक एवं मंत्री से कहा कि आप हमारे यहां आएं। दौड़ने वाले पानी को, भागने वाले पानी को लगाम लगाओ। गांव का पानी गांव में, घर का पानी घर में रोको। इसके लिए हमने अपने यहां 1000 तालाब बनवाया है। झारखंड सरकार भी यह काम करे। 1000 तालाब मैं दूंगा और फ्री ऑफ कॉस्ट दूंगा। कहा कि इस कार्य में 15000 लोगों को रोजगार मिला है। झारखंड में हुनर है। साहिबगंज की साड़ियों की मांग मुंबई में बहुत ज्यादा है। झारखंड के विकास में हमसे जो काम चाहे मैं करूंगा। सांसद कालीचरण सिंह को उद्धृत करते हुए कहा कि टोरी में उनकी मांगी हुई योजना मंजूर कर दिया। वे केवल लैंड एक्विजिशन का काम कर दें। तुरंत काम शुरू होगा। गढ़वा विधायक ने गढ़वा से अंबिकापुर फोरलेन सड़क की मांग की है। 750 करोड़ की इस फोरलेन सड़क योजना को मैं स्वीकार करने की घोषणा करता हूं। कहा कि सांसद बीडी राम हर बार संसद में तो मांग करते ही हैं। मेरे पास भी आकर लगातार मांग करते रहते हैं। इन सड़कों का श्रेय बीडी राम को जाता है। उन्होंने संसद की मांग पर एनएच 98 में सिलदाग से पड़वा 670 करोड़ की फोरलेन सड़क निर्माण की योजना को स्टेज से ही मंजूरी दे दी। उन्होंने मंत्री से कहा कि आप सीएम से मिलकर प्लान बनाएं। मैं 500 करोड़ मंजूर करता हूं। जितना कहेंगे उतना पैसा देने के लिए तैयार हूं। हमारे पास पैसे की कमी नहीं है। कहा कि 40 हजार करोड़ का प्रोजेक्ट पूरा हो चुका है। 65000 करोड़ का पाइप लाइन में है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं ट्रांसपोर्ट मंत्री भी हूं। किसान ईंधन दाता होगा। किसान बिटुमिन दाता होगा। किसान की पराली से मैं तेल बना रहा हूं। पानी यानी हाइड्रोजन से चलने वाली गाड़ी बनाई है। मेथेनॉल से डीजल बन रहा है। इससे जहाज भी चल सकता है। एलपीजी बनाया जा सकता है। मदर डेयरी अच्छा काम कर रहा है। कहा कि गिर नस्ल की गाय 5 लीटर दूध देती है। अब टेक्नोलॉजी बदल रही है। हर गाय 30 – 40 लीटर दूध देगी तो किसान खुदकुशी क्यों करेगा। नॉलेज की जरूरत है। विकास की राजनीति होनी चाहिए। झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि गडकरी जी के मंच पर होने से मैं बहुत पर प्रफुल्लित हूं। मैं आपका झारखंड के मुख्यमंत्री की ओर से अभिनंदन करता हूं। आपने इन अच्छी सड़कों को धरती पर उतार कर यह साबित कर दिया कि कहते नहीं करते हैं। यह फोर लेन योजना बीडी राम एवं गडकरी जी की देन है। इन्हीं के कारण यह फोरलेन दिख रहा है। मैं थोड़ा सा वित्तीय गणित पर प्रकाश डालना चाहूंगा। यहां भारत सरकार से योगदान की जरूरत है। झारखंड सरकार स्वास्थ्य, कृषि, ऊर्जा, सिंचाई के क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। यह हमारी सरकार का रोड मैप है। पलामू जिला वृष्टि छाया क्षेत्र में पड़ता है। यहां हर एक वर्ष के बाद 3 वर्ष अकाल पड़ता है। क्योंकि जल संग्रहण यहां के लिए चुनौती है। 30 – 40 साल पहले 30 – 40 मिलियन क्यूबिक मीटर जल की स्थिति थी। आज 5 मिलियन क्यूबिक मीटर रह गया है। वह दिन दूर नहीं है जब पलामू के लोगों को पानी के लिए बाहर जाना पड़ेगा। क्योंकि वॉटर कंजर्वेशन अकेले नहीं कर सकते। आपका सहयोग चाहिए। हमारी सड़क की स्थिति है कि प्रति 1000 वर्ग किलोमीटर पर दूसरी जगह 500 वर्ग किलोमीटर सड़क है। वहां झारखंड में 140 किलोमीटर प्रति 1000 वर्ग किलोमीटर में सड़क है। क्योंकि झारखंड में अमीरी है। लेकिन इसकी गोद में गरीबी है। मैं दलगत भावना से ऊपर उठकर विकास की बात करता हूं। यहां महिलाएं एनीमिया से पीड़ित हैं। वहीं जीरो से 5 वर्ष के बच्चे कुपोषित हैं। मईंयां सम्मान योजना से महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं। बच्चों के स्कूल का फीस दे रही हैं। वहीं दवा दारू करा रही हैं। राज्य का चेहरा बदल रहा है। उन्होंने कहा कि यह उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र है। लोग कहते हैं कि नक्सलवाद का उन्मूलन हो गया। मैं कहता हूं कि 196 पुलिस पिकेट हैं यहां पर। उन्हें हटा दीजिए इसके बाद देखिए कि क्या स्थिति है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य का संबंध पिता पुत्र का संबंध होना चाहिए। कहा कि हम ही हम हैं तो क्या हम हैं, तुम ही तुम हो तो क्या तुम हो। सांसद बीडी राम ने मां गढ़ देवी की पावन धरती पर गडकरी जी का हार्दिक स्वागत किया। कहा कि बायपास रोड पलामू व गढ़वा दोनों जिलों की मांग थी। ताकि गढ़वा की यातायात व्यवस्था सुधरे। आपने बाईपास बना दिया। शंखा से खजुरी तक 22 किलोमीटर की सड़क एनएच का चौथा भाग है। विकास की रीढ़ रोड कनेक्टिविटी होती है। कहा कि पूर्व में पुलिस अधिकारी होने के कारण मैं नक्सल प्रभावित क्षेत्र का हाल जानता हूं कि सड़क के बिना कितनी कठिनाई हो रही थी। सड़क से किसानों को बाजार और बच्चों को स्कूल मिल जाएगा। इस सड़क के माध्यम से रांची से बनारस को जोड़ा जा रहा है। इसका जुड़ाव एक्सप्रेसवे से हो। कहा कि गडकरी जी से बेहतर सोच किसी की नहीं हो सकती। उन्होंने गढ़वा से मझिआंव होते बरडीहा श्रीनगर तक ग्रीन फील्ड कॉरिडोर बनाने की मांग की। इसके साथ ही रामानुजगंज से गढ़वा टू लेन की जगह फोरलेन में तब्दील किए जाने की मांग की। वही एनएच 98 में पड़वा से सिलदाह तक सड़क निर्माण की गुहार लगाई। कहा कि पलामू की एकमात्र फैक्ट्री जपला सीमेंट फैक्ट्री बंद हो गई। यहां सोन नदी पर पुल बन जाता तो किसानों को बहुत सुविधा होती। सांसद ने रामगढ़ में सीमेंट फैक्ट्री, गढ़वा भवनाथपुर कला से बरडीहा तक 22 किलोमीटर सड़क, उधर दुर्गा माइंस तक सड़क निर्माण जरूरी बताया। सांसद ने मंत्री को बंशीधर भगवान की मूर्ति भेंट की है। और कहा कि यह मूर्ति 1243 किलो शुद्ध सोने की बनी हुई है। विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि मुझे मंत्री जी से मांगने की जरूरत नहीं पड़ती मैं इनको फॉलो करता हूं भारत विश्व की पांचवी आर्थिक शक्ति बन चुका है। कहा कि गढ़वा की स्थिति काफी खराब है। यह गरीब जिला पहले आकांक्षी जिलों में इसका 36 वां स्थान था। उसके बाद जब दोबारा सर्वे हुआ उसके बाद भी गढ़वा जिला का 22 वां स्थान है। झारखंड में अराजकता यहां की गरीबी मुख्य कारण है। यहां कोई कल कारखाना नहीं है। देश का पहला जिला है जहां कल कारखाना कुछ नहीं। बाईपास निर्माण आपका विशेष योगदान है। यहां सभी दल के नेता चुनाव के समय बाईपास का लोभ देते थे। कहा कि पलायन यहां की प्रमुख समस्या है बीए, एमए और एमएससी पास 10000 की नौकरी करने दूरस्थ परदेस चले जाते हैं। देश का सीडी रेशियो 82 परसेंट है। झारखंड का 50 परसेंट। लेकिन गढ़वा का 5% है। गढ़वा का पैसा दूसरे राज्य में चला जाता है। यहां के बैंक लोन भी नहीं देते। इसका कारण है कि राज्य सरकार कमजोर है। कहा कि सरकार 2500 रुपए मईंयां समान योजना प्रति महीने डाल देने का वादा करती है। लेकिन कभी प्रति महीने पैसे नहीं मिल रहे। 4 माह से गरीबों, दिव्यांगों, वृद्ध और विधवा लोगों का पेंशन बंद है। झारखंड की बदहाली के लिए यहां का वित्तीय कू प्रबंधन जिम्मेदार है। इस मौके पर पूर्व सांसद घूरन राम, झारखंड के पूर्व मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, उपायुक्त दिनेश कुमार यादव, एसपी अमन कुमार, एसडीएम संजय कुमार सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे। इससे पहले गढ़वा की धरती पर उतरते ही हेलीपैड पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जबकि पदाधिकारी एवं भाजपा नेताओं ने बुके देकर मंत्री का स्वागत किया। मंच के पास पहुंचने पर लोक नर्तकों ने नृत्य के साथ ढोल मांदर पर नाचते हुए मंत्री का गढ़वा जिले की धरती पर स्वागत किया। मंच संचालक ने मंत्री के आने के पहले मंच को संभाले रखा। उन्होंने कहा कि एक ओर नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत विकास कर रहा है तो हेमंत सोरेन के ऊर्जावान नेतृत्व में झारखंड भी उत्तरोत्तर विकास कर रहा है। नितिन गडकरी ने मंच का बटन दबाकर ₹1129.48 करोड़ की बाईपास सड़क का उद्घाटन किया तो 32.370 किलोमीटर लंबी 1325.80 करोड़ की सड़क का शिलान्यास किया। लोगों ने इसका जोरदार तालियाँ से स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री के संबोधन के दौरान पहला शब्द बोलते ही जोरदार बारिश की शुरुआत हो गई। जिसे पंडाल में लोगों ने शुभ लक्षण बताया। पंडाल में ग्रामीणों के साथ-साथ भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की काफी अच्छी संख्या उपस्थित थी। जिन में महिलाएं एवं पुरुष दोनों शामिल थे।


