कई जिलों व राज्यों के लाखों पर्यटकों ने मेले का लिया आनंद
समिति के अध्यक्ष सह विधायक नरेश सिंह भी स्थिति पर रखे रहे नजर
भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस रही मुस्तैद
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ में मकर संक्रांति के अवसर पर तीन दिवसीय मेला की शुरुआत हुई। 14 जनवरी को यहां पर विराट मेला लगा। जिसमें स्थानीय 100 गांवों के साथ-साथ झारखंड के कई जिलों एवं सुदूर प्रदेशों के लाखों की संख्या में पर्यटकों ने भाग लिया। परंपरागत रूप से मकर संक्रांति का त्यौहार 14 जनवरी को मनाए जाने की परंपरा को लेकर बुधवार को सतबहिनी झरना तीर्थ में साल में लगने वाले पांच मेलों में से तीसरा मेला लगा। इस दौरान कड़ाके की ठंड एवं शीतलहरी का प्रकोप होने के बावजूद सुबह-सुबह लोग सतबहिनी पहुंचने लगे थे। जो मनोरम झरना में स्नान करके नौ मंदिरों की श्रृंखला में पूजा अर्चना करते देखे गए। इनमें सतबहिनी भगवती माता महादुर्गा, महाकाली, महालक्ष्मी, सात बहनों वाली देवी के भैया भैरवनाथ, भगवान भास्कर, बजरंगबली, साक्षी गणेश, भगवान शिव एवं नंदी महाराज का मंदिर शामिल है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को रहस्यमई 7 मंजिली साधना सह समाधि गुफा, यज्ञ मंडप व प्राचीन बजरंगबली स्थल पर भी पूजा अर्चना करते देखा गया। पूजा करने वाले लोगों को तिल, चावल एवं गुड़ द्रव्य दक्षिणा के साथ दान करते देखा गया। वही भगवती मंदिर के निकट झरना घाटी में सत्यनारायण भगवान की कथा सुनने वालों की भी काफी भीड़ लगी रही। इधर झरना घाटी के पश्चिम सुविस्तृत मेला मैदान में सैकड़ो की संख्या में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी थीं। जिनमें प्रसाद, मिठाई, खिलौना, श्रृंगार, कपड़ा, रेडीमेड, फास्ट फूड, काष्ठ निर्मित सामग्री, लौह निर्मित सामग्री, पान, फल,फोटो स्टूडियो, सब्जी, किराना सामान के साथ-साथ अन्य कई प्रकार की दुकानें शामिल हैं। इसके साथ ही टावर झूला, ड्रैगन झूला, टॉय ट्रेन, नाव झूला, जंपिंग गेम आदि में भी बच्चों एवं बड़ों को मनोरंजन करते देखा गया। कई बार अपार भीड़ के कारण सड़क एवं सेतु मार्ग पर जाम लग गया। जिसके लिए थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम के नेतृत्व में हर जगह पुलिस बल तैनात थी। जिसने भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत किया। इसके साथ ही झारखंड राज्य हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड की निबंधित इकाई मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के अध्यक्ष एवं विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह, सचिव ज्योतिर्विद पंडित मुरलीधर मिश्र भी स्थिति पर नजर बनाए रहे। वहीं समिति के अन्य लोगों को स्वयंसेवक के रूप में हर जगह सक्रिय देखा गया। 14 जनवरी 2026 को शुरू हुआ मेला 16 जनवरी 2026 तक चलेगा। चूंकि मकर संक्रांति का पुण्य काल 15 जनवरी की सुबह में है। इसलिए गुरुवार की सुबह से ही सतबहिनी झरना तीर्थ में काफी भीड़ होने की संभावना है। इस मौके पर संत हरिदास जी महाराज, सुदर्शन तिवारी, विभूति नारायण द्विवेदी, ध्रुव कुमार पांडेय, असर्फी सिंह, दिलीप कुमार पांडेय, डॉ प्रमोद कुमार सिंह, रमेश तिवारी, निरंजन सिंह, आतिश कुमार सिंह, गोरखनाथ सिंह, लाला पाण्डेय, शिव प्रसाद गुप्ता सहित समिति के कई लोग उपस्थित थे।







