गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार और अनुशासन ही है इस स्कूल की पहचान
शिक्षा से ही समाज और देश का विकास संभव – निदेशक अलखनाथ पाण्डेय
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : आरके पब्लिक स्कूल में सोमवार देर शाम 32वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान छात्र -छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर निदेशक अलखनाथ पाण्डेय ने कहा कि अच्छी शिक्षा एवं संस्कार ही जीवन को एक नया रुप देते हैं। हमें समाज को शिक्षित एवं संस्कारित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। इस कड़ी में आरके पब्लिक जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के लिए जाना जाता है।निदेशक अलखनाथ पाण्डेय ने अपने स्वागत संबोधन में स्कूल के उत्तरोत्तर विकास की चर्चा करते हुए कहा कि स्थापना काल से ही बेहतर गुणवत्तापूर्ण अनुशासित और संस्कारयुक्त शिक्षा हमारा उद्देश्य रहा है। आज 32साल का गौरवशाली इतिहास इस बात का प्रमाण है कि देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी इस स्कूल के छात्र-छात्राएं आईपीएस, आईएएस, मेडिकल, इंजीनियरिंग, शिक्षा, सेना व विभिन्न क्षेत्रों में सेवा दे रहे हैं। शिक्षा के महत्व को बताते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा शेरनी का वह दूध है जो पिएगा, वही दहाड़ेगा। राजा की पूजा सिर्फ़ उसके राज्य में होती है। लेकिन विद्वान सर्वत्र पूजे जाते हैं। शिक्षित आदमी समाज को जोड़ता है, बांटता नहीं है।
शांति निवास की सिस्टर रोशना और ज्ञान निकेतन स्कूल बेलचंपा के निदेशक अमित सिंह ने स्कूल के निदेशक सह शिक्षाविद् श्री अलखनाथ पाण्डेय की भूरी भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने नाम को चरितार्थ करते हुए जिला में शिक्षा का अलख जगाने का नेक काम किया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं के द्वारा स्वागत गान, गणेश स्तुति, पर्व -त्यौहार पर आधारित सामूहिक नृत्य, शिक्षा का महत्व पर लघु नाटक, फोक नृत्य व विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर वाह-वाही लूटी। साथ ही लोगों को जागरूक किया गया। कक्षा 8वीं की छात्रा अनुष्का पाण्डेय ने कविता के माध्यम से स्कूल के 32वर्षों के सफर को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया।कार्यक्रम के अंत में स्कूल के पास आउट छात्र -छात्राओं और उनके अभिभावकों के साथ स्कूल के शिक्षक -शिक्षिकाओ व सपोर्टिंग स्टाफ को अतिथियों के द्वारा मोमेंटो व प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
इसके पूर्व निदेशक अलखनाथ पाण्डेय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर और शाॅल ओढ़ाकर अतिथियों का स्वागत किया। इसके पहले दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर पीके झा, प्रमोद चौबे, सुशील केशरी, मुजीब खान, सुरेन्द्र तिवारी, अशोक विश्वकर्मा, सतीश चंद्र भारतीय, सुदर्शन सिंह, कमलेश दुबे, आनंद सिन्हा व भारी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।







