सत्यवान के लिए कल पूजा करने से पहले आज सावित्री की जान चली गई


आशुतोष रंजन
गढ़वा

शहर के चिनिया रोड नाहर चौक के पास एक ट्रैक्टर ने 4 लोगों को रोंद दिया,जिसमें एक महिला की मौत हो गई,जबकि इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक गढ़वा थाना क्षेत्र के बनपुरवा गांव निवासी सुजीत दुबे की पत्नी कविता दुबे 38 वर्ष बताया गया है। जबकि इस घटना में घायल नाहर चौक निवासी रासबहारी मिश्रा की पत्नी सीमा देवी 45 वर्ष, हरिहर नाथ दुबे का पुत्र नागेंद्र नाथ दुबे 50 वर्ष जबकि गढ़वा थाना क्षेत्र के जाटा गांव निवासी प्रेम दीवाना की पत्नी राजो देवी का नाम शामिल है। घटना के संबंध में घायल नागेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि नहर चौक के पास सब्जी की दुकान लगती है। वहां पर अपने घर से सब्जी लेने पहुंचे हुए थे। उसी बीच सहिजान की ओर से आ रहे तेज गति से ट्रैक्टर ने इन लोगों को रौंदते हुए गुजर गया,जिसमें कविता देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। और इस घटना में 3 लोग गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद आसपास के लोगों के द्वारा तत्काल सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से राजो देवी की गंभीर अवस्था को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया है। इधर घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खबर लिखे जाने तक पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। इधर घटना के बाद मृतक के परिवार वालों का रो रो कर बुरा हाल बना है। घटना के बाद पुलिस द्वारा जहां एक ओर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है तो वहीं चालक को हिरासत में ले लिया गया है।

और लोग होते दुर्घटना के शिकार: – प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा की और लोग इसके चपेट में आ जाते,शोर-शराबा से लोग भाग निकले,कहा कि प्रत्येक दिन की तरह चिनिया रोड नहर चौक के पास शाम के समय लोग बाजार में खरीददारी करने पहुंचते हैं। शुक्रवार को वट सावित्री पर्व होने और बाजार में भीड़ होने के बावजूद ट्रैक्टर तेज गति से बाजार में घुस आया,जब तक लोग कुछ समझ पाते एक एक कर चार लोगों को ट्रैक्टर ने रौंद दिया,उधर घटना के बाद शोर-शराबा से वहां बचे और लोग किसी तरह भाग निकले नहीं तो और भी बड़ी घटना घट जाती।