शनिवार को पैतृक आवास पर लोगों के दर्शन के बाद पूर्व मंत्री ददई दुबे की निकलेगी शवयात्रा
काशी के मणिकर्णिका घाट पर होगा अंतिम संस्कार
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज़, गढ़वा
कांग्रेस व मजदूर कांग्रेस के कद्दावर नेता, इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मंत्री व पूर्व सांसद स्मृतिशेष चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे के निधन को लेकर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। हर गांव व टोले में मातम पसरा है। एक तरफ मीडिया से संपर्क कर लोग शोक व्यक्त कर रहे हैं तो दूसरी तरफ शोक सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार सुबह रांची पहुंचने के बाद दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर को प्रदेश कांग्रेस भवन में रखा गया । जहां दर्शन करनेवाले लोगों की भारी भीड़ लगी रही। सरकार के लोग, पार्टी जन व अन्य पुरुष महिला श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दिए। उक्त जानकारी देते हुए मृतक के पोता व कांग्रेस नेता प्रभात कुमार दुबे ने कहा कि पार्टी कार्यालय के पश्चात उनके रांची आवास – दुबे भवन बरियातु में पार्थिव शरीर को ले जाया गया है। वहां लोगों के दर्शन कर लेने के बाद परिजन व समर्थक शनिवार तड़के पार्थिव शरीर के साथ मेदिनीनगर पड़वा मोड़ व गढ़वा होते उनके जन्मस्थान गढ़वा जिलांतर्गत कांडी थाना के चोका गांव के लिए प्रस्थान करेंगे। रास्ते में विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र का लंबा इलाका पड़ता है। जहां लोग कई जगह उनके दर्शन के लिए अभी से इंतजार में हैं। इसी क्षेत्र से वे 1985, 1990, 2000 व 2010 में चार बार विधायक चुने गए थे। जबकि 2004 में धनबाद से सांसद बने थे। वे बिहार व झारखंड दोनों राज्य सरकारों में काबीना मंत्री बने थे। दिग्गज नेता के पार्थिव शरीर के शनिवार सुबह घर पहुंचने की संभावना है। शनिवार तड़के तीन बजे लोग रांची से चलेंगे। पैतृक आवास चोका में लोगों के दर्शन के लिए घंटा भर रुकने के बाद बनारस के लिए प्रस्थान करेंगे। काशी के मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार होगा। मालूम हो कि पिछले 8 जून को वे भगवान केदारनाथ के दर्शन के लिए गए थे वहीं उनका ठंड लग गई थी उसके बाद से वह अस्वस्थ चल रहे थे रांची में स्वास्थ्य सुधार होता नहीं देखा उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी गुरुवार देर शाम करीब आठ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। यह खबर क्षेत्र सहित पूरे राज्य में आग की तरह फैल गई। काफी संख्या में लोग रांची भी पहुंच गए हैं। जो अपने प्रिय नेता के पार्थिव शरीर के साथ ही वापस लौटेंगे। इधर मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति, सोनभद्र आदर्श इंटर कॉलेज कांडी, चंद्रशेखर दुबे हाईस्कूल राणाडीह सहित कई शिक्षण संस्थानों में शोकसभा का आयोजन कर दिवंगत नेता के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।


