मंत्री ने किया साढ़े छह करोड़ की लागत से निर्मित तीन थाना भवन का उद्घाटन


आशुतोष रंजन
गढ़वा

गढ़वा विधायक सह झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने लगभग साढ़े छह करोड़ रूपये की लागत से जिले में नव निर्मित तीन थाना भवन का उद्घाटन किया,चिनियां प्रखंड मुख्यालय स्थित नवनिर्मित थाना भवन परिसर में गुरूवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में मंत्री ने विधिवत पूजा अर्चना कर, नारियल फोड़कर व फीता काटकर उक्त भवन का उद्घाटन किया। यहीं से मंत्री द्वारा रंका थाना भवन एवं खरौंधी थाना भवन का भी ऑनलाइन उद्घाटन किया गया।

सर्वसुविधा संपन्न होगा थाना भवन: – मौके पर मंत्री ने कहा कि चिनियां के विकास में आज यह एक नया अध्याय जुड़ गया।यहां के लोगों के लिए यह बड़ी सौगात है। चिनियां जैसे दुर्गम प्रखंड में थाना का अपना भवन नहीं था। एक समय था जब यह क्षेत्र नक्सलवाद से ग्रसित था ऐसे में यहां काम करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। यह थाना भवन सभी सुविधाओं से युक्त होगा। जिससे पुलिस की कार्य क्षमता में भी निखार आएगा। साथ ही पुलिसकर्मी नए जोश एवं उमंग के साथ आम लोगों की सेवा करेंगे। कहा कि सरकार की सोच है कि आधारभूत संरचना मजबूत हो ताकि झारखंड की पहचान विकसित राज्य के रूप में हो सके। यहां प्रखंड कर्मियों के लिए भी भवन का निर्माण कार्य हो रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि अपराधी पुलिस के नजर से नहीं बच सकें। झारखंड पुलिस अब सक्षम हो गई है तथा इच्छाशक्ति से काम कर रही है। अब प्रखंड व पंचायत को सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि अंतिम पंक्ति के लोगों को हर सुविधा मिल सके इसके लिए इंटरनेट से जोड़ने का काम किया जा रहा है। सभी समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही होगा। मंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकार ने धरातल पर कोई भी कार्य नहीं किया। हमारी सरकार आधारभूत संरचनाओं को प्रमुखता से विकसित कर रही है।

सरकार का कार्य सुकून देने वाला है: – डीसी शेखर जमुआर ने कहा कि सरकार द्वारा किया जा रहा कार्य जनमानस के लिए कल्याणकारी,शांति और सुकून देने वाला है। सरकार अधिक से अधिक विकास के लिए कार्य कर रही है। कई सरकारी भवन बन रहे हैं। 50 प्रतिशत पंचायत भवन को वाईफाई युक्त किया जा चुका है। राज्य सरकार की सोच को धरातल पर लाने के लिए सारे इंफ्रास्ट्रक्चर को डेवलप किया जा रहा है।

गढ़वा पुलिस के लिए आज खुशी का दिन है: – पुलिस महानिरीक्षक राजकुमार लकड़ा, ने कहा कि गढ़वा पुलिस के लिए आज खुशी का दिन है। चिनियां, रंका एवं खरौधी थाना भवन का उद्घाटन किया जा रहा है। 1993 में चिनियां को पिकेट बनाया गया था। 2002 में ओपी एवं 2009 में थाना बनाया गया। अभी यहां जल संसाधन विभाग के बिल्डिंग में थाना चलाया जा रहा था। जबकि रंका 1883 में तथा खरौधी 2009 में थाना अधिसूचित हुआ था। अब इन दोनों थाना को भी नया भवन मिल गया है।

पुलिस को सशक्त कर रही है झारखंड सरकार: – उधर पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार झा ने अपने संबोधन में कहा की सरकार पुलिस को सशक्त कर रही है। जिले के 18 थाना में कांडी को छोड़कर लगभग सभी को थाना भवन मिल गया है। अब आधारभूत संरचना प्राप्त होने से कर्तव्य निर्वहन में काफी सहूलियत होगी। पुलिसकर्मी नई ऊर्जा के साथ सेवा देंगे।

इनकी भी रही मौजूदगी: – मौके पर एसडीओ राम नारायण सिंह, एसडीपीओ संतोष कुमार, इंस्पेक्टर रामजी महतो,बीडीओ कालिदास मुंडा,सीओ निशांत अंजुम,थाना प्रभारी राजबल्लभ कुमार,जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष नितेश कुमार सिंह,झामुमो जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, सचिव मनोज ठाकुर,अरविंद यादव,छोटू सिंह खरवार,मोहम्मद फरीद एवं कई अन्य पंचायत प्रतिनिधि सहित काफी संख्या में लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे।