मंत्री ने किया स्वतंत्रता सेनानी सह शहीद द्वार का भूमि पूजन


आशुतोष रंजन
गढ़वा

गढ़वा विधायक सह झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने शनिवार को गढ़वा-मझिआंव मुख्य पथ अटौला मोड़ पर स्वतंत्रता सेनानी सह शहीद द्वार निर्माण के लिए विधिवत पूजा अर्चना कर भूमि पूजन किया। इस दौरान मंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीद जवान के परिजनों को फूल माला तथा अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। साथ ही पैर छू कर आशीर्वाद भी लिया।

पर अब तक अधूरी थी आस : – मौके पर मंत्री ने कहा कि हमारे देश की आजादी उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग,तपस्या व बलिदान का परिणाम है जिन्होंने आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर दिया। जिन्हें हम सभी भुलते जा रहे हैं। कहा कि गढ़वा जिले में सबसे ज्यादा स्वतंत्रता सेनानी अटौला गांव के थे। चुनाव जीतने के बाद से ही हमने उनकी याद में यहां तोरण द्वार बनाने का संकल्प किया था। जिसका आज भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द यहां भव्य व आकर्षक तोरण द्वार का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। जिसका उद्घाटन स्वतंत्रता सेनानियों के वंशजों से ही कराया जाएगा। उन्होंने गढ़वा के पूर्व विधायकों पर तंज कसते हुए कहा कि पहले भी गढ़वा के विधायक और मंत्री थे,परंतु किसी ने इन्हें याद नहीं किया। उन्होंने पूर्व विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी का नाम लिए बगैर कहा कि 10 साल पूर्व यहां तोरण द्वार बनाने के लिए शिलान्यास भी किया गया था,परंतु आज तक निर्माण नहीं कराया गया। मंत्री ने जोर देकर कहा कि हम जो कहते हैं वह करते हैं। आज विपक्ष के लोग सरकार गिराने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। परंतु उन्हें मुंह की खानी पड़ रही है। वर्तमान झारखंड सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। साथ ही आगे भी झारखंड मुक्ति मोर्चा महागठबंधन की ही सरकार बनेगी। उन्होंने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि चुनाव के समय जात-पात, हिंदू-मुस्लिम कर समाज को बांटकर वोट लेने का काम करती है। मौके पर मेराल प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी,उदय नारायण दुबे आदि ने भी विचार व्यक्त किया।

ये भी रहे मौजूद : – कार्यक्रम में मुख्य रूप से झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता धीरज दुबे,जिला अध्यक्ष तनवीर आलम,मनोज ठाकुर, विधायक प्रतिनिधि बबलू सिंह, सुजाता देवी,मीना देवी,धर्मराज भारती,बबलू दुबे,पूर्व मुखिया हरिवंश तिवारी,ऋषि कुमार तिवारी सहित अटौला,चेचरिया तथा खोरीडीह पंचायत के काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।